न्याय धारा/कानपुर नगर। शुक्रवार 27मार्च 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, चैत्र मास शुक्ल पक्ष की नवमी (रामनवमी उत्सव), बसंत ऋतु २०८३ रौद्र नाम संवत्सर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में तीन दिवसीय उद्यमिता कॉन्क्लेव का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। कुलपति प्रो. के. विजयेंद्र पांडियन ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय, आईआईटी कानपुर तथा फ्रेगरेंस एंड फ्लेवर डेवलपमेंट सेंटर के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। साथ ही एमएसएमई एवं विश्वविद्यालय के इतिहास पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनमें विभिन्न नवीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राकेश सचान (लघु, सूक्ष्म, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 19 लाख 40 हजार युवाओं को ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वावलंबी बनाया गया है। कॉन्क्लेव के दौरान मैन्युफैक्चरिंग, फूड टेक्नोलॉजी, टेक्सटाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे।
मुख्य अतिथि सूर्य प्रताप शाही (कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार) ने कहा कि एमएसएमई और कृषि के संयुक्त प्रयासों से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विकसित उन्नत प्रजातियों की सराहना की तथा दलहन एवं तिलहन के उत्पादन और क्षेत्रफल बढ़ाने पर बल दिया। कुपोषण उन्मूलन के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषाहार उपलब्ध कराने की जानकारी देते हुए उन्होंने युवाओं से तकनीक आधारित उद्यम स्थापित करने का आह्वान किया। साथ ही कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
कॉन्क्लेव के दौरान विभिन्न उद्यमों से संबंधित स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। इस अवसर पर वैज्ञानिकों द्वारा लिखित तीन पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।अंत में कुलपति प्रो. के. विजयेंद्र पांडियन ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एचबीटीयू के कुलपति प्रो. शमशेर, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक नीलिमा कटियार, निदेशक प्रसार डॉ. वी.के. त्रिपाठी, अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. कौशल कुमार, डॉ. महक सिंह, डॉ. आर.के. सिंह तथा उत्तर प्रदेश कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

.jpg)
addComments
एक टिप्पणी भेजें