न्याय धारा/कानपुर नगर। शनिवार 21फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की चतुर्थी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से विश्वविद्यालय परिसर में संचालित स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट, सीएसजेएमयू कानपुर द्वारा आज “Italian Cuisine” (इटैलियन क्यूज़ीन) विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को इटैलियन व्यंजनों के व्यावहारिक एवं व्यावसायिक पक्षों से अवगत कराना तथा उन्हें आतिथ्य उद्योग की नवीनतम प्रवृत्तियों से जोड़ना था।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं चीफ ट्रेनर के रूप में डॉ. संदीप कुमार सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, लखनऊ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को इटैलियन क्यूज़ीन के इतिहास, उसकी विशेषताओं, पारंपरिक सामग्री, सॉस के प्रकार, पास्ता की विविधताओं तथा प्रस्तुतीकरण शैली के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि इटैलियन भोजन अपनी सादगी, ताजगी एवं उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है।
सैद्धांतिक जानकारी के पश्चात डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रामाणिक इटैलियन व्यंजन तैयार कराए। प्रथम चरण में Tomato Bruschetta (टमाटर ब्रुशेटा) एवं Mushroom Bruschetta(मशरूम ब्रुशेटा), Minestrone Soup (मिनेस्ट्रोन सूप) तथा Grissini Bread (ग्रिसिनी ब्रेड ) का प्रदर्शन एवं निर्माण किया गया। इसके बाद मुख्य व्यंजनों में Ravioli Pasta with Arrabbiata Sauce (अर्राबियाता सॉस के साथ रैवियोली पास्ता), Veg Lasagna with Mushroom Sauce (मशरूम सॉस के साथ वेज लसग्ना) तथा Mini Pizza (मिनी पिज़्ज़ा) तैयार किए गए। अंत में पारंपरिक इटैलियन डेज़र्ट Tiramisu (तिरामिसू) बनाकर विद्यार्थियों को उसकी विधि एवं प्रस्तुतीकरण की तकनीक सिखाई गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साह एवं रुचि के साथ भाग लिया और प्रत्येक डिश को स्वयं बनाकर उसकी प्लेटिंग एवं गार्निशिंग का अभ्यास किया। कार्यशाला का उद्देश्य केवल रेसिपी सिखाना ही नहीं था, बल्कि विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों के व्यावसायिक महत्व, लागत नियंत्रण, मेनू प्लानिंग एवं ग्राहक अपेक्षाओं के अनुरूप प्रस्तुतीकरण की समझ विकसित करना भी था।विभाग के निदेशक सौरभ त्रिपाठी ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में सहायक सिद्ध होती हैं। कार्यक्रम के संयोजक शेफ सिद्धार्थ सिंह, सहायक निदेशक, स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट एवं श्री अरविंद चौहान, सहायक प्रोफेसर ने कार्यशाला के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यशाला के समापन अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए सभी व्यंजनों की आकर्षक प्रस्तुति माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के समक्ष की गई। कुलपति महोदय ने विद्यार्थियों के प्रयास, रचनात्मकता एवं व्यावसायिक कौशल की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार के व्यावहारिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं समयानुकूल पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करती हैं।
इस अवसर पर विभाग के अन्य सहायक प्रोफेसर अंकित कुमार, शिवांशु सचान, सुश्री ऐश्वर्या आर्या एवं डॉ. रॉबिन वर्मा भी उपस्थित रहे।


addComments
एक टिप्पणी भेजें