Customised Ads
भाजपाइयों ने बूथों पर सुनी 'मन की बात', घर घर बनाए नवमतदाता

न्याय धारा/कानपुर नगर। रविवार 22फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की पंचमी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 131वें संस्करण को भाजपा दक्षिण जिले में सभी 1178 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं बूथ समितियों द्वारा उत्साहपूर्वक सामूहिक रूप से सुना गया।

भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने छावनी विधानसभा के मुक्तेश्वरी शक्तिकेंद्र के बूथ संख्या 220 में पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह सहित बूथ समिति के सदस्यों के साथ सुनी।

मन की बात कार्यक्रम के उपरांत क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने बूथ समिति के सदस्यों के साथ बूथों पर भ्रमण कर घर घर कुंडी खटखटाई। नव मतदाता अभियान के तहत अठारह वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं से मतदाता फार्म भरवाकर कर बीएलओ के पास जमा कराए। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ एसआईआर अभियान में जुटें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी का यह कार्यक्रम देश को सकारात्मक सोच, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि मन की बात के माध्यम से प्रधानमंत्री जी आम जनमानस से सीधे संवाद कर समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे प्रधानमंत्री जी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं।

दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का मतदाता बनना अत्यंत आवश्यक है। हर पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में जुड़ना चाहिए। लोकतंत्र में भागीदारी ही सशक्त भारत की नींव है। मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्र को दिशा देने वाला संवाद है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।

प्रमुख रूप से संतोष सिंह चंदेल, पूर्व विधायक रघुनंदन भदोरिया, राम बहादुर यादव, गणेश शुक्ला जसविंदर सिंह, बी एल पांडे, एल बी पटेल, आलोक वर्मा आदि मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ