Customised Ads
जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन्स रेल बाजार में निर्माणाधीन आवासीय परियोजना का किया स्थलीय निरीक्षण

न्याय धारा/कानपुर नगर। शनिवार 21फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की चतुर्थी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को पुलिस लाइन्स, रेल बाजार स्थित पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों हेतु निर्माणाधीन आवासीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। परियोजना के अंतर्गत टाइप-5 के 08 तथा टाइप-4 के 40 फ्लैट का निर्माण कराया जा रहा है।

निर्माण कार्य उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की निर्माण इकाई-10, कानपुर द्वारा कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रबंधक सत्यप्रिय, पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) सत्यजीत गुप्ता, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अनूप मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

परियोजना प्रबंधक ने बताया कि 32.09 करोड़ रुपये की लागत से यह कार्य 01 सितंबर 2025 से प्रारंभ हुआ है तथा 28 फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। आवासों के अतिरिक्त 02 गार्ड रूम, इंटरलॉकिंग रोड, बाउंड्रीवाल एवं गेट, स्ट्रीट लाइट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, ओवरहेड टैंक, लिफ्ट तथा डीजी सेट का निर्माण भी प्रस्तावित है। वर्तमान में विभिन्न ब्लॉकों में फाउंडेशन खुदाई, राफ्ट निर्माण, कॉलम पेडेस्टल कास्टिंग तथा स्टील कार्य प्रगति पर है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ब्लॉकों पर समानांतर रूप से कार्य सुनिश्चित किया जाए, जिससे परियोजना निर्धारित समयसीमा में पूरी हो सके।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि मूल परियोजना में पार्किंग व्यवस्था शामिल नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने परियोजना प्रबंधक को निर्देशित किया कि आवासों में रहने वाले अधिकारियों की संख्या को देखते हुए पार्किंग की समुचित व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया जाए।

टिप्पणियाँ