Customised Ads
जनभवन लखनऊ में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी में सीएसजेएमयू को प्रथम पुरस्कार

कानपुर नगर। सोमवार 09फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की अष्टमी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। सीएसजेएमयू के कुलपति प्रोफेसर विनय कुमार पाठक के अथक प्रयास से विश्वविद्यालय नित्य दिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

जनभवन लखनऊ में 6,7 एवं 8 फरवरी को आयोजित 57वीं प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी 2026 में छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर ने अपनी रचनात्मकता और तकनीकी नवाचार का लोहा मनवाते हुए 'स्ट्रक्चर निर्माण' श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। विश्वविद्यालय की टीम द्वारा निर्मित 'श्री कृष्ण बाँसुरी' का भव्य मॉडल न केवल आकर्षण का केंद्र रहा, बल्कि विशेषज्ञों की कसौटी पर भी खरा उतरा।

विश्वविद्यालय ने इस बार 'श्री कृष्ण बाँसुरी' की एक ऐसी संरचना प्रस्तुत की, जिसमें ललित कला विभाग की सौंदर्य दृष्टि और इंजीनियरिंग विभाग की मजबूती का बेजोड़ तालमेल दिखा। इस मॉडल को बनाने के लिए जैविक सामग्रियों और फूलों का ऐसा प्रयोग किया गया कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए।

इस संरचना निर्माण में सीएसजेएमयू की टीम ने "श्रीकृष्ण बाँसुरी के साथ" माडल को प्रदर्शित किया।

सीएसजेएमयू की टीम में डॉ सुंधाशु पांडिया, डॉ प्रवीन भाई पटेल, डॉ राज कुमार सिंह, जीऊत बली यादव एवं आदित्य कुमार, आदेश पटेल, आर्यन वर्मा, हिमांशु सिंह, प्रियांशु रच्छीत, आर्यन सम्मिलित रहे। इस अवसर पर राज्यपाल सह कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने जनभवन प्रांगण में विश्वविद्यालय के सदस्यों को सम्मानित भी किया।

सीएसजेएमयू के इस उपलब्धि पर कुलपति, प्रति कुलपति, कुलसचिव सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों एवं अधिकारियों ने पूरे टीम को बधाई दिया।

टिप्पणियाँ