Customised Ads
कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व के स्तर पर समृद्ध करेगी भाजपा

न्याय धारा/कानपुर नगर। मंगलवार 17फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। भारतीय जनता पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनाने के लिए 7 मार्च से 13 अप्रैल तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान चलाएगी। अभियान के तहत जिला व मंडल स्तर पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाएंगे।

मंगलवार को भाजपा क्षेत्रीय मुख्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत दक्षिण एवं ग्रामीण जिले की कार्यशाला में प्रदेश उपाध्यक्ष, विधायक एवं जिला प्रभारी पंकज सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को तराशने की प्रक्रिया है। जो सीखता है वह बढ़ता है। जो सीखना बंद कर देता है, वह बढ़ना भी बंद कर देता है। महाअभियान कार्यकर्ताओं को विचार, व्यवहार और नेतृत्व के स्तर पर समृद्ध करेगा। पं दीनदयाल उपाध्याय का अंत्योदय और एकात्म मानववाद का दर्शन ही भाजपा की कार्य संस्कृति की आधारशिला है। प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। महाअभियान भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनाएगा।

 पंकज सिंह ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने कहा था कि आजादी के पहले बनाई गई कांग्रेस पार्टी को स्वतंत्रता मिलने के बाद अब समाप्त कर देना चाहिए। लेकिन कांग्रेस पार्टी के तत्कालीन नेताओं ने तब महात्मा गांधी की बात नहीं मानी थी परंतु आज राहुल गांधी महात्मा गांधी के कांग्रेस को समाप्त करने के निर्देश को पूरा कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियां केवल चुनाव के समय दिखाई पड़ती हैं वहीं भाजपा कार्यकर्ता एक चुनाव सम्पन्न होने के बाद दूसरे दिन से ही अगले चुनाव की तैयारियों में जुट जाते हैं। भाजपा केवल सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं बल्कि देश और समाज के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।

 भाजपा कानपुर बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त, अनुशासित और सेवा भाव से ओत-प्रोत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं की क्षमता, दक्षता और वैचारिक स्पष्टता में वृद्धि होती है। यह महाअभियान संगठन की मजबूती, विस्तार और अंत्योदय के लक्ष्य की प्राप्ति में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि प्रशिक्षण वर्ग को पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पूरा करें। उन्होंने कहा कि भाजपा के अलावा सपा, बसपा, कांग्रेस सहित किसी भी विपक्षी दल में कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण नहीं होता है। 1980 में बनी भाजपा को देख कर कांग्रेस भाजपा का मखौल उड़ाती थी कि दो सदस्यों वाली भाजपा क्या कभी सरकार भी बना पाएगी। भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।

दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह व ग्रामीण जिलाध्यक्ष उपेन्द्र पासवान ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रशिक्षण से संगठन और अधिक मजबूत होगा। यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि कार्यकर्ता निर्माण की सतत प्रक्रिया है। महाअभियान के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग दो दिन का होगा जब कि मंडल स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। प्रशिक्षण वर्ग में सभी कार्यकर्ता रात्रि विश्राम करेंगे। प्रशिक्षण में सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग प्राणायाम, योगाभ्यास आदि कार्यक्रम होंगे। कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश, क्षेत्रीय, जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष व महामंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष व मंडल प्रशिक्षण टोली के सदस्य शामिल हुए। भाजपा दक्षिण जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षण अभियान में दक्षिण जिले में जिला उपाध्यक्ष गणेश शुक्ला को संयोजक एवं राम बहादुर यादव, वंदना गुप्ता व नीरज भदौरिया को सह संयोजक बनाया गया है।

प्रमुख रूप से राधेश्याम पाण्डेय, वेदव्रत सचान, पूनम द्विवेदी, स्वप्निल वरुण, कौशल किशोर दीक्षित, विनोद शुक्ला, रामदेव शुक्ला, रघुनंदन भदौरिया, भूपेंद्र त्रिपाठी, अनिरुद्ध शुक्ला, समरजीत सिंह, अंशुल बाजपेई मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ