Customised Ads
सीएसजेएमयू में सजा 'सम्भागीय नाट्य समारोह,चार दिन अलग अलग नाटक का मंचन करेंगे रंग मंच कलाकार

न्याय धारा/कानपुर नगर। सोमवार 16फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय  में सोमवार को कैम्पस के यूआईईटी के लेक्चर हॉल एक में चार दिवसीय 'सम्भागीय नाट्य समारोह की शुरुवात हो गई। यह आयोजन उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ और विश्वविद्यालय की 'स्वामी हरिदास संगीत एवं नाट्य अकादमी' के सयुक्त तत्वाधान में अयोजित हुआ।

कार्यक्रम की शुरुवात मुख्य अतिथि रंग मंच कलाकार अश्वनी कांत श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि रंग मंच कलाकार रतन राठौर व प्रति कुलपति प्रो.सुधीर कुमार अवस्थी के द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो.सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि रंगमंच की कार्यशाला से हमारे यहां कैंपस में चल रहे फिल्ममेकिंग कोर्स में गुणवत्ता आएगी और काफी सुधार भी होगा। उन्होंने यह भी कहा कि कानपुर का गौरव अब बढ़ रहा हैं। बिगबॉस के विजेता भी कानपुर के है। हम उम्मीद करते है कि स्क्रिपट लेखन की भूमिका को कानपुर के लोग बढ़ाएंगे। और इसमें सीएसजेएमयू भी अहम भूमिका निभाएगा। यह आयोजन न केवल कला प्रेमियों के लिए एक उत्सव है, बल्कि उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी से जोड़ने का एक ऐतिहासिक सेतु भी है।

यह आयोजन चार दिन चलेगा जिसमें हर दिन एक एक नाटक का मंचन होगा ।आयोजन के पहले दिन पाली भूपिंदर सिंह द्वारा लिखित और प्रवीण कुमार अरोड़ा द्वारा निर्देशित नाटक 'तुम्हें कौन सा रंग पसंद है' से हुई।समारोह के दूसरे दिन मंगलवार को हिंदी साहित्य के शिखर पुरुष मुंशी प्रेमचंद की कालजयी रचना 'नशा' का मंचन किया जाएगा। तेजेंद्र सिंह 'तेजू' के निर्देशन में कौशाम्बी की 'इंडियन आर्ट एंड कल्चरल सोसाइटी' इस नाटक के माध्यम से सत्ता, वर्ग-भेद और अहंकार के उस 'नशे' पर करारी चोट करेगी, जो मानवीय मूल्यों को खोखला कर देता है।18 फरवरी की शाम लखनऊ के प्रसिद्ध 'यायावर रंगमंडल' के नाम होगी। जयवर्धन द्वारा लिखित और मोहम्मद हफीज द्वारा निर्देशित नाटक 'हाय हैंडसम' बुजुर्गों के अकेलेपन और आधुनिक पारिवारिक ढांचे के बीच बढ़ती दूरियों को हास्य और व्यंग्य की चाशनी में डुबोकर पेश करेगा। 

समारोह का समापन 19 फरवरी को प्रयागराज की संस्था 'माध्यम' द्वारा प्रस्तुत नाटक 'किराये का मकान' से होगा। सतीश डे द्वारा लिखित और डॉ. विनय श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित यह नाटक हर उस मध्यमवर्गीय व्यक्ति के संघर्ष की दास्तां है, जो एक बड़े शहर में अपने अस्तित्व और एक छत के लिए जद्दोजहद करता है। कार्यक्रम का मंच संचालन कांची त्रिपाठी ने किया ।इस अवसर पर स्वामी हरिदास नाट्य अकादमी के निर्देशक डॉ.राज कुमार त्रिपाठी, उतर प्रदेश संगीत नाट्य अकादमी के निर्देशक डॉ. शोभित कुमार नाहर,प्रशांत यादव कार्यक्रम समन्वयक संगीत नाट्य अकादमी,डॉ मीत कमल,सुन्दरम मिश्रा समेत काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे ।

टिप्पणियाँ