कानपुर नगर। बुधवार 11फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की दसमी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मण्डल स्तर पर प्रतिवर्ष इस प्रकार की लघु प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों के उत्पादों को प्रोत्साहन मिल सके।
इसी क्रम में आज प्रदर्शनी स्थल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदा की वंदना के साथ हुआ। राष्ट्रीय स्तर के कवि हेमन्त पाण्डेय ने अपनी रचना के माध्यम से राम-सीता प्रसंग को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
ओज कवि बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कविता प्रस्तुत कर देशसेवा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा का संदेश दिया। हास्य-व्यंग्यकार दुर्गा बाजपेई ने अपने व्यंग्य पाठ से उपस्थित जनसमूह को खूब गुदगुदाया। गीतकार नीरू श्रीवास्तव एवं धीरज सिंह चंदन ने श्रृंगार एवं भावनात्मक रचनाओं से वातावरण को मधुर बना दिया। वरिष्ठ गीतकार के०के० अग्निहोत्री ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। कार्यक्रम का संचालन एवं समापन सुरेश साहनी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अशोक कुमार शर्मा, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, सुरेश गुप्ता, अध्यक्ष, ग्रामोद्योग महासंघ, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेन्द्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार, विवेक त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खरीदारी के लिए भी बड़ी संख्या में नागरिक पहुँच रहे हैं।

addComments
एक टिप्पणी भेजें