Customised Ads
प्रयागराज की माध्यम' संस्था ने कार्यक्रम के चौथे दिन प्रस्तुत किया नाटक "किराए का मकान”

न्याय धारा/कानपुर नगर। गुरुवार 19फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की द्वितीया, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के सहयोग से आयोजित 'संभागीय नाट्य समारोह के अंतिम दिन गुरुवार को मंच पर हंसी के फव्वारे छूटे। 'माध्यम' संस्था प्रयागराज द्वारा प्रस्तुत और डॉ. विनय श्रीवास्तव द्वारा निर्देशित नाटक "किराए का मकान" ने न केवल दर्शकों को ठहाकों से सराबोर किया, बल्कि शहरी जीवन की विसंगतियों पर गहरा कटाक्ष भी किया।

इस आयोजन की मुख्य अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि नाटक समाज में संदेश देने में अहम भूमिका निभाते है।

नाटक हमारे भरत मुनि की देन है। पहले जमाने में नाटक के जो मंचन होते थे वो काफी प्रभावित होते थे । सीएसजेएमयू की स्वामी हरिदास नाट्य अकादमी भी अहम भूमिका निभा रहीं है।यह किराए का मकान' का सतीश डे द्वारा लिखित नाटक ने  लेक्चर हॉल में उपस्थित जनसमूह को अंत तक बांधे रखा। नाटक की कहानी एक ही कमरे को दो अलग-अलग लोगों (एक युवक साजन और एक युवती मंजूबाला) को किराए पर देने के इर्द-गिर्द घूमती है। दो चतुर नौकरों, प्रीतम और बालम की 'एक्स्ट्रा इनकम' की लालसा ने जो भ्रम की स्थितियां पैदा कीं, उसने दर्शकों को लोटपोट कर दिया।

मंच पर जब साजन और मंजूबाला की वस्तुएं आपस में टकराती हैं, तो उत्पन्न होने वाला संशय और नौकरों द्वारा उसे छिपाने के लिए बोले गए झूठ के जाल ने 'कॉमेडी ऑफ एरर्स' का बेहतरीन उदाहरण पेश किया। यह नाटक केवल मनोरंजन नहीं था, बल्कि महानगरों में 'स्पेस' की कमी और 'बेड-शेयरिंग' जैसी कड़वी सच्चाइयों का एक आईना भी था।इस नाटक में कौस्तुभ पांडेय (साजन) और दिव्या शुक्ला (मंजूबाला) ने अपनी सहज उपस्थिति से पात्रों को जीवंत किया।अनुज कुमार (प्रीतम) और प्रत्यूष वार्ष्णेय (बालम) की जुगलबंदी ने मंच पर ऊर्जा का संचार किया। 

विपिन गौड़, अविनाश कुमार और आदर्श दुबे ने सहायक भूमिकाओं में नाटक की गति को बनाए रखा। इस अवसर पर स्वामी हरिदास नाट्य अकादमी के निर्देशक डॉ.राज कुमार त्रिपाठी ने कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर प्रशांत यादव,डॉ रश्मि गोरे, उत्कर्ष सिंह चंदेल, आराधना प्रजापति,अंशिका कटियार समेत काफी संख्या में दर्शक मौजूद रहे ।

टिप्पणियाँ