Customised Ads
पनकी में वृहद रोजगार मेले में 792 अभ्यर्थियों का चयन

न्याय धारा/कानपुर नगर। शनिवार 28फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी (होलाष्टमी प्रारम्भ), बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। “उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन” के अंतर्गत हर हाथ को काम और हर परिवार को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर नगर एवं नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन, पनकी, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन नारायणा विद्यापीठ परिसर, गंगागंज, पनकी में किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर प्रेरणा स्रोत स्वर्गी कैलाश नारायण त्रिवेदी जी राजा भैया को याद करते हुए चेयरमैन अमित नारायण, एमडी उदित नारायण एवं निदेशक डॉ. आकाश अवस्थी ने अतिथियों का स्वागत धार्मिक पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया।

अपने संबोधन में सांसद ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने उपस्थित अभ्यर्थियों को अपने कौशल का निरंतर विकास करने के लिए प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सहायक निदेशक (सेवायोजन), कानपुर मंडल, उज्ज्वल कुमार सिंह ने सेवायोजन पोर्टल की उपयोगिता एवं आउटसोर्सिंग भर्ती प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सेवायोजन कार्यालय एवं शिक्षण संस्थानों के सहयोग से आयोजित ऐसे मेले युवाओं को रोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों—अपोलो हॉस्पिटल, आइरिस लाइफ साइंस लिमिटेड, जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड, सन फार्मा इंडस्ट्रीज लिमिटेड, नाटको फार्मा लिमिटेड, अजंता फार्मा लिमिटेड, शिवम इंटरप्राइजेज (अशोक लेलैंड), हिताची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा. लि., स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विसेज, एएस वर्ल्ड ग्रुप, इदुवानटेज प्रा. लि. (वर्धमान टेक्सटाइल), द इंडिया थर्मिट कॉरपोरेशन लिमिटेड, श्रीराम ग्रुप, केजीबीएस प्रा. लि., ठाकुर पब्लिकेशन प्रा. लि. आदि ने प्रतिभाग किया।

मेले में कुल 2243 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 792 अभ्यर्थियों का चयन/शॉर्टलिस्टिंग उनकी शैक्षिक योग्यता एवं साक्षात्कार के आधार पर ₹10,000 से ₹25,000 प्रतिमाह वेतनमान पर किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में नारायणा ग्रुप के प्रोफेसर आशीष निगम, डॉ. विशाल दुबे (निदेशक), डॉ. सुमित बाजपेई, प्रो. जयाश्री अजिथ (प्राचार्य, नर्सिंग) सहित प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय के अखिलेश पाण्डेय, मनीष मिश्रा, सतीश पाण्डेय, क्षेम अग्निहोत्री, शैलेन्द्र कुमार, अजय कुमार शुक्ला, प्रखर चित्रांश, प्रशान्त कुमार, रामबाबू एवं शिवशंकर का विशेष सहयोग रहा।

टिप्पणियाँ