न्याय धारा/कानपुर नगर। गुरुवार 26फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की दसमी (होलाष्टमी प्रारम्भ), बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। सहायक निदेशक (सेवायोजन) कानपुर मंडल, कानपुर उज्ज्वल कुमार सिंह ने अवगत कराया कि "उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन" के अंतर्गत हर हाथ को काम, हर परिवार को रोजगार उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रादेशिक सेवायोजन कार्यालय, कानपुर एवं नारायणा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, पनकी, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 28 फरवरी, 2026 को नारायणा विद्यापीठ कैम्पस, गंगागंज, पनकी, कानपुर में प्रातः 10:00 बजे से एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद, कानपुर नगर रमेश अवस्थी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी, कानपुर नगर (आईएएस) जितेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहेंगे।
इस रोजगार मेले में कानपुर नगर सहित अन्य शहरों की अनेक प्रतिष्ठित अस्पतालों एवं कंपनियों द्वारा प्रतिभाग किया जा रहा है। प्रमुख प्रतिभागी संस्थानों में रीजेंसी हॉस्पिटल कानपुर, अपोलो हॉस्पिटल लखनऊ, आइरिस लाइफ साइंस लिमिटेड वाराणसी, वेदांता हॉस्पिटल लखनऊ, रैंडस्टैड इंडिया प्रा.लि., जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर्स लि., सन फार्मा इंडस्ट्रीज लि., नाटको फार्मा लि., अजंता फार्मा लि., शिवम इंटरप्राइजेज (अशोक लेलैंड), हिताची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा.लि., इंटीग्रेटेड पर्सनल सर्विसेज लि., स्टार ग्रुप ऑफ मैनपावर सर्विस, पंकज इंटरप्राइजेज, एएस वर्ल्ड ग्रुप, एडुवांटेज प्रा.लि. (वर्धमान टेक्सटाइल), द इंडिया थर्मिट कॉर्पोरेशन लि., श्रीराम ग्रुप आदि शामिल हैं।
इन संस्थानों द्वारा लगभग 1500 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें ट्रेनी इंजीनियर, सॉफ्टवेयर/वेबसाइट डेवलपर, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव, स्मार्ट मीटर इंस्टॉलेशन टेक्नीशियन, नर्सिंग ऑफिसर, मैनेजर, एटीएम ऑफिसर, प्रोडक्शन ट्रेनी, लोन एडवाइजर, मर्चेंट बीडीई, सुपरवाइजर (कॉलिंग), प्रमोटर कम टीम लीडर, इनबाउंड वॉइस प्रोसेस कस्टमर सपोर्ट, ट्रेनी हेल्पर (टेक्सटाइल) आदि पद शामिल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को ₹10,000 से ₹25,000 तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा तथा नियुक्ति कानपुर नगर, लखनऊ, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद एवं हिमाचल प्रदेश (सोलन) आदि स्थानों पर की जाएगी।
रोजगार मेले में हाईस्कूल से लेकर परास्नातक, डिप्लोमा, आईटीआई, बी.फार्मा/डी.फार्मा, बीटेक, बीसीए एवं एमसीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं, बशर्ते वे सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकृत हों।
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश सेवायोजन विभाग के पोर्टल “रोजगार संगम” (rojgaarsangam.up.gov.in) पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं तथा निर्धारित तिथि को साक्षात्कार हेतु उपस्थित हों।

addComments
एक टिप्पणी भेजें