Customised Ads
मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन सीएसजेएम विश्वविद्यालय में 22 फरवरी को

न्याय धारा/कानपुर नगर। मंगलवार 17फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। उत्तर प्रदेश जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वाधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल के दिशा निर्देशन में प्रभारी सचिव अपर सिविल जज कर्णिका अवध द्वारा आज अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर द्वारा आम जनता के हित एवं विधिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

यह शिविर दिनांक 22 फरवरी 2026, रविवार को प्रातः 10:00 बजे छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर नगर के सभागार में आयोजित होगा।

शिविर में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित विभिन्न विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिनमें श्रमिक, दिव्यांगजन, बच्चे, ट्रांसजेंडर, निर्धन एवं निराश्रित वर्ग, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति, वृद्धजन, महिलाएं, भिक्षुक एवं गृहविहीन, सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना पीड़ित, आपदा प्रभावित तथा मानव तस्करी से संबंधित प्रकरण शामिल हैं। साथ ही उत्तर प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी एवं जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

शिविर के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में विधिक जानकारी एवं सहायता प्रदान की जाएगी। विशेष रूप से दिव्यांगजनों को उपकरण वितरण, लाभार्थियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ दिलाने, तथा असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं कमजोर वर्गों को आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त दंत, नेत्र एवं सामान्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया जाएगा। विभिन्न शासकीय विभागों एवं बैंकों द्वारा संचालित लोकोपयोगी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ निःशुल्क विधिक सेवा से संबंधित परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर का उद्देश्य विधिक चेतना का प्रसार, जनहितकारी दृष्टिकोण को प्रोत्साहन तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से विधिक सेवाओं के वितरण आधारित मॉडल को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करना है।

प्राधिकरण द्वारा यह भी अवगत कराया गया है कि शिविर में आने वाले आवेदक अपने साथ पहचान पत्र एवं संबंधित योजना से जुड़े आवश्यक दस्तावेज अवश्य लाएं। जिन लाभार्थियों ने पूर्व में आवेदन किया है, वे आवेदन की रसीद एवं आवश्यक प्रपत्र साथ लेकर आएं। योजनाओं के लाभ हेतु आवेदन संबंधित विभाग को शिविर से पूर्व अथवा शिविर के दिन भी प्रस्तुत किया जा सकता है।

टिप्पणियाँ