Customised Ads
नई दिल्ली में ‘सस्टेनेबिलिटी कर्मा अवॉर्ड्स 2026’ में सीएसजेएमयू को राष्ट्रीय सम्मान

न्याय धारा/कानपुर, नई दिल्ली। शुक्रवार 20फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की तृतीया, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) को नई दिल्ली में आयोजित ‘सस्टेनेबिलिटी कर्मा कैंपस लीडरशिप अवॉर्ड्स 2026’ में “नीति-आधारित पहल (ओपन कैटेगरी)” श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसी अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक को ‘डिस्टिंग्विश्ड वाइस चांसलर अवॉर्ड फॉर सस्टेनेबिलिटी’ प्रदान किया गया।

यह सम्मान नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित ‘तृतीय युवा सस्टेनेबिलिटी सम्मेलन एवं पुरस्कार समारोह 2026’ के दौरान प्रदान किया गया। सम्मेलन का आयोजन वॉइसेस ऑफ भारत: युवा फ़ॉर सस्टेनिबिलिटी द्वारा “सतत भविष्य का निर्माण: दृष्टि से मूल्यों तक” विषय पर किया गया।

विश्वविद्यालय को यह राष्ट्रीय सम्मान उन नीतिगत पहलों के लिए प्राप्त हुआ, जिनके माध्यम से सतत विकास की अवधारणा को प्रशासनिक ढांचे, शैक्षणिक योजनाओं, अनुसंधान गतिविधियों तथा परिसर प्रबंधन में संस्थागत रूप से समाहित किया गया है। विश्वविद्यालय ने सतत विकास को केवल एक विचार तक सीमित न रखते हुए उसे नीति, योजना और क्रियान्वयन के स्तर पर लागू किया है। समारोह में विश्वविद्यालय की ओर से एसोसिएट डीन (अकादमिक) डॉ. अंशु सिंह ने नई दिल्ली में यह पुरस्कार ग्रहण किया। उनकी उपस्थिति विश्वविद्यालय की सामूहिक नेतृत्व क्षमता, शैक्षणिक प्रतिबद्धता और प्रशासनिक समन्वय का प्रतीक रही।

कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक को ‘डिस्टिंग्विश्ड वाइस चांसलर अवॉर्ड फॉर सस्टेनेबिलिटी’ उच्च शिक्षा में सतत विकास के मूल्यों को शासन व्यवस्था, नीतिगत निर्णयों, पाठ्यक्रम संरचना, अनुसंधान दिशा और छात्र सहभागिता से प्रभावी रूप से जोड़ने के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान उन कुलपतियों को दिया जाता है जिन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरणीय चेतना और दीर्घकालिक विकास दृष्टि से सुदृढ़ किया हो। प्रो. पाठक के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) के अनुरूप संस्थागत सुधार, नवाचार और शैक्षणिक गुणवत्ता संवर्धन की दिशा में उल्लेखनीय पहल की है।

पूर्व निर्धारित शैक्षणिक दायित्वों के कारण वे समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हो सके, किंतु यह सम्मान उनके दूरदर्शी नेतृत्व और संस्थागत परिवर्तन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है।

अपने संदेश में कुलपति ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक मेहनत और उत्तरदायी शैक्षणिक नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सीएसजेएमयू में सतत विकास को नीतियों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं और शिक्षण व्यवस्था का अभिन्न अंग बनाया गया है तथा विश्वविद्यालय समाज और भावी पीढ़ियों के लिए सार्थक एवं दीर्घकालिक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।

राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विश्वविद्यालय परिवार ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सतत विकास उन्मुख शासन, शोध उत्कृष्टता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को और अधिक सशक्त करने का संकल्प दोहराया।

टिप्पणियाँ