Customised Ads
जनपद के 1,95,567 लाभार्थियों को मिला होली का उपहार

न्याय धारा/कानपुर नगर। शनिवार 28फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी (होलाष्टमी प्रारम्भ), बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। होली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की महिला लाभार्थियों को उत्तर प्रदेश सरकार ने निःशुल्क गैस सिलेंडर रिफिल का उपहार दिया। शुक्रवार को लोकभवन, लखनऊ से मुख्यमंत्री द्वारा सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया, जिसका सजीव प्रसारण बिठूर महोत्सव स्थल पर भी किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने कार्यक्रम को देखा और सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया।

जनपद कानपुर नगर में वर्तमान में 1,95,567 उज्ज्वला लाभार्थी पंजीकृत हैं। इनमें एचपीसीएल के 58,208, बीपीसीएल के 41,935 और आईओसीएल के 95,424 उपभोक्ता शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च के बीच एक सिलेंडर रिफिल पूर्णतया निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रति सिलेंडर उपभोक्ता मूल्य 868 रुपये है, जिसमें केंद्र सरकार द्वारा 318 रुपये की सब्सिडी दी जा रही है, जबकि शेष 550 रुपये की प्रतिपूर्ति उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की जा रही है। इस प्रकार लाभार्थियों को एक रिफिल पर कोई आर्थिक भार नहीं पड़ेगा।

बिठूर महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने उज्ज्वला लाभार्थियों को प्रतीकात्मक गैस सिलेंडर एवं सब्सिडी का चेक प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और सुविधा से जुड़ी है। स्वच्छ ईंधन के उपयोग से धुएं से होने वाली बीमारियों में कमी आई है और परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है।

योजना के तहत केवल प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थियों को ही निःशुल्क रिफिल का लाभ मिलेगा। लाभार्थी का बैंक खाता आधार से लिंक और प्रमाणित होना अनिवार्य है। यह सुविधा केवल 14.2 किलोग्राम सिलेंडर पर लागू है तथा डीबीसी कनेक्शन पर मान्य नहीं होगी। उपभोक्ता पहले निर्धारित मूल्य पर रिफिल प्राप्त करेगा, जिसके चार से पांच दिन के भीतर सब्सिडी की धनराशि सीधे उसके आधार प्रमाणित बैंक खाते में तेल विपणन कंपनी द्वारा स्थानांतरित कर दी जाएगी।

टिप्पणियाँ