Customised Ads
विकासखण्ड स्तरीय रबी कृषि निवेश मेलों का आयोजन 18 से 28 फरवरी तक

न्याय धारा/कानपुर नगर। मंगलवार 17फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की अमावस्या, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। उप कृषि निदेशक कानपुर नगर डा० आर० एस० वर्मा ने अवगत कराया है कि कृषि निदेशक उ0प्र0 (ब्यूरो अनुभाग), कृषि भवन, लखनऊ से प्राप्त कार्ययोजना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद के विभिन्न विकासखण्डों में रबी कृषि निवेश मेलों एवं गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन एकदिवसीय मेलों का आयोजन मुख्य विकास अधिकारी, कानपुर नगर के अनुमोदन के क्रम में विकासखण्डवार निर्धारित तिथियों पर कराया जाएगा।

इन रबी कृषि निवेश मेलों में किसानों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही नवीन कृषि तकनीकों को अपनाने, संतुलित उर्वरकों के प्रयोग, उन्नत बीजों के उपयोग तथा अन्य कृषि निवेशों के वैज्ञानिक ढंग से प्रयोग के प्रति किसानों को जागरूक किया जाएगा, जिससे कृषि उत्पादकता में वृद्धि सुनिश्चित हो सके। मेलों के आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित उपसम्भागीय कृषि अधिकारियों की होगी, जो जिला कृषि अधिकारी सहित कृषि विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से आयोजन को सफल बनाएंगे। किसानों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 फरवरी को चौबेपुर, 19 फरवरी को शिवराजपुर, 20 फरवरी को बिल्हौर, 21 फरवरी को ककवन, 23 फरवरी को बिधनू, 24 फरवरी को पतारा, 25 फरवरी को घाटमपुर, 26 फरवरी को सरसौल, 27 फरवरी को कल्याणपुर तथा 28 फरवरी 2026 को भीतरगांव विकासखण्ड परिसर में कृषि निवेश मेले आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्थल पर नामित नोडल एवं पर्यवेक्षी अधिकारी मेले को सफल बनाने हेतु पूर्ण रूप से उत्तरदायी रहेंगे।

कृषि निवेश मेलों में कृषि, सहकारिता, कृषि रक्षा, पशुपालन, उद्यान, वन, पंचायतीराज, वैकल्पिक ऊर्जा, सिंचाई, नलकूप एवं विद्युत विभागों के साथ-साथ निजी कंपनियां भी अपने स्टॉल लगाएंगी और कृषकों को संबंधित सामग्री एवं उपकरणों का प्रदर्शन एवं विक्रय उपलब्ध कराएंगी। विभागीय योजनाओं के अंतर्गत उन्नत बीज, कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरणों पर निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अनुमन्य अनुदान का लाभ किसानों को प्रदान किया जाएगा। विभिन्न संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले निःशुल्क कृषि निवेशों का वितरण भी इन मेलों के माध्यम से किया जाएगा, जिससे किसानों को अनुदान का सीधा लाभ प्राप्त हो सके। राजकीय, सहकारी एवं अर्धसहकारी संस्थाओं के माध्यम से मानक गुणवत्ता के कृषि निवेश निर्धारित अनुदान पर उपलब्ध कराए जाएंगे।

मेलों में जनपद के आत्मा समूह, स्वयंसेवी संस्थाएं तथा कृषि से संबंधित अन्य कंपनियां भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाएंगी। संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा किसानों की मौखिक एवं लिखित शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। आत्मा योजनांतर्गत फार्म स्कूल के उत्कृष्ट कृषकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे अपने अनुभव अन्य किसानों के साथ साझा कर सकें। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों को प्रशिक्षण एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करने हेतु आमंत्रित किया जाएगा।

फसल अवशेष जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों एवं अवशेष प्रबंधन के लाभों पर विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी किसानों को दी जाएगी। कृषि विभाग की समस्त योजनाओं की जानकारी पंपलेट, बैनर, समाचार पत्र, किसान सेवा रथ, दूरदर्शन, आकाशवाणी एवं सामुदायिक रेडियो के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई जाएगी।

इन कृषि निवेश मेलों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विधायक, सांसद, ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

टिप्पणियाँ