कानपुर नगर। गुरुवार 12फरवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की दसमी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। सीएसजेएम विश्वविद्यालय, कानपुर के एनएसएस अटल यूनिट-1 का सात दिवसीय विशेष शिविर 10 से 16 फरवरी तक बराटनपुरवा गांव में आयोजित किया जा रहा है। शिविर के तीसरे दिन जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण विषय पर विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ममता तिवारी द्वारा मुख्य अतिथि डॉ. सुभाषिनी सीवरे के स्वागत से हुई। इस अवसर पर डॉ. सुभाषिनी सीवरे ने स्वयंसेवकों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे उपाय अपनाकर हम पानी की बचत कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण विषय पर एक रोचक क्विज प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सुबह के सत्र में स्वयंसेवकों ने पूरे गांव में रैली निकालकर ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। “जल है तो कल है” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को पानी बचाने का संदेश दिया गया। जिन स्थानों पर पूर्व में पेड़ों को चिन्हित किया गया था, वहां वृक्षारोपण कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता और अधिक मजबूत हुई। स्वयंसेवकों ने गांववासियों को आगामी दिन के विशेष कार्यक्रम (आई-कैंप) की जानकारी भी दी और अधिक से अधिक सहभागिता के लिए आमंत्रित किया। यह विशेष शिविर माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के मार्गदर्शन आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम ने पूरे गांव में जल संरक्षण के प्रति सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया और स्वयंसेवकों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और सुदृढ़ किया।

addComments
एक टिप्पणी भेजें