Customised Ads
खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन 09 से 18 फरवरी तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में - अशोक कुमार शर्मा

प्रदर्शनी हेतु कुल 100 स्टॉल निर्मित कर उद्यमियों/प्रतिभागियों को आवंटित किए जाएंगे- सुरेश गुप्ता

कानपुर नगर। शनिवार 07फरवरी 2026 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, फाल्गुन मास कृष्ण पक्ष की षष्ठी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का आयोजन दिनांक 09 फरवरी से 18 फरवरी, 2026 तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन संख्या–2 में किया जा रहा है।

उक्त प्रदर्शनी में कानपुर मण्डल एवं उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य प्रदेशों से खादी एवं ग्रामोद्योग की इकाइयों के अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों की रोजगारपरक योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित एवं पंजीकृत उद्यमी अपने-अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं बिक्री के उद्देश्य से प्रतिभाग करेंगे। प्रदर्शनी हेतु कुल 100 स्टॉल निर्मित कर उद्यमियों/प्रतिभागियों को आवंटित किए जाएंगे। प्रदर्शनी में खादी के वस्त्र, रेडीमेड परिधान, ऊनी वस्त्रों के साथ-साथ मुरादाबाद के पीतल उत्पाद, मिट्टी के बर्तन, प्रतापगढ़ के अर्वेला उत्पाद, सहारनपुर का फर्नीचर, गुड़, चर्म उत्पाद, बांस-बेत के सामान तथा बनारस की साड़ियाँ आदि प्रदर्शन एवं बिक्री हेतु उपलब्ध रहेंगी।

प्रदर्शनी का उद्घाटन खादी एवं ग्रामोद्योग केबिनेट मंत्री राकेश सचान  द्वारा जनपद के मा० सांसदगण, मा० विधायकगण, मा० विधान परिषद सदस्य एवं अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में दिनांक 09 फरवरी, 2026 को सायं 5:00 बजे किया जाएगा। आम जनमानस से सादर अनुरोध है कि अधिक से अधिक संख्या में अपने परिवार सहित खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में पधारें तथा खादी वस्त्रों एवं उत्पादों की खरीदारी कर शिल्पकारों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार से जुड़े व्यक्तियों को प्रोत्साहित करें, जिससे उनके जीवन-यापन में सकारात्मक परिवर्तन आ सके।

प्रेस वार्ता के अवसर पर परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर मण्डल अशोक कुमार शर्मा, ग्रामोद्योग महासंघ के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता, अभय कुमार त्रिपाठी एवं के०के० पाण्डेय उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
Popular posts