Customised Ads
कुंडी खटखटा कर बना रहे हैं भाजपाई मतदाता

कानपुर नगर। गुरुवार 29जनवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, माघ मास शुक्ल पक्ष की एकादशी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के दूसरे चरण में मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भाजपा 29 और 30 फरवरी को विशेष संपर्क अभियान चला रही है।गुरुवार को दक्षिण जिले के सभी 1145 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ता घर घर पहुंचे।

भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने छावनी, विधायक महेश त्रिवेदी ने किदवई नगर विधानसभा में घर घर पहुंच कर मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के फार्म 6 भरवा कर बीएलओ के पास जमा कराए। विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, रघुनंदन भदौरिया,राज्य महिला आयोग सदस्य पूनम द्विवेदी,अनीता गुप्ता के अलावा प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला पदाधिकारियों ने अपने आपने प्रभार वाले बूथों पर घर घर संपर्क कर मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के फार्म 6 भरवाकर बीएलओ के पास जमा कराए।

भाजपा एसआइआर अभियान के तहत 29 और 30 फरवरी को विशेष संपर्क अभियान चला रही है।अभियान के पहले दिन भाजपा कार्यकर्ताओं कि फौज घर घर पहुंची। पार्टी का फोकस एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर है। पार्टी ने तय किया है कि शनिवार और रविवार को सभी 1145 बूथों पर बीएलए मौजूद रहेंगे। एसआईआर अभियान की निगरानी करने के लिए सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, आयोग के सदस्य के अलावा प्रदेश, क्षेत्रीय, जिला पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं को दो दो बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों को 6 फरवरी तक अपने प्रभार वाले मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथों पर नियमित प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा प्रदेश संगठन के द्वारा प्रदेश से लेकर मंडल तक के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कम से कम दस फार्म 6 प्रतिदिन भरवा कर बीएलओ के पास जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन की रिपोर्टिंग प्रदेश मुख्यालय भेजी जाएगी। प्रमुख रूप से जसविंदर सिंह, गणेश शुक्ला, संजीव बेरी, राजन चौहान, अर्जुन बेरिया,आलोक वर्मा ,बीएल पांडेय ,केपी सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
Popular posts