Customised Ads
नये मतदाता बनाने के लिए भाजपाई घर-घर जा रहे

कानपुर नगर। शुक्रवार 30जनवरी 2026 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, माघ मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी, शिशिर ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के दूसरे चरण में मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए भाजपा दक्षिण जिले के सभी 1145 बूथों पर पार्टी कार्यकर्ता घर घर पहुंचे।

भाजपा द्वारा 29 और 30 फरवरी को चलाए जा रहे एसआईआर के विशेष संपर्क अभियान के तहत शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य, प्रदेश महामंत्री एवं कानपुर- बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रभारी अनूप गुप्ता एवं दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने विशेष मतदाता पुनरीक्षण एसआईआर अभियान के तहत किदवई मंडल के बूथ संख्या 262 व 264 पर घर घर जनसंपर्क किया।

अनूप गुप्ता ने नये मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए स्वयं ऑनलाईन फार्म 6 भरकर पंजीकरण किया। भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने छावनी, विधायक महेश त्रिवेदी ने ट्रांसपोर्ट नगर वार्ड 39 में घर घर पहुंच कर मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के फार्म 6 भरवा कर बीएलओ के पास जमा कराए। विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, रघुनंदन भदौरिया,राज्य महिला आयोग सदस्य पूनम द्विवेदी,अनीता गुप्ता के अलावा प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला पदाधिकारियों ने अपने आपने प्रभार वाले बूथों पर घर घर संपर्क कर मतदाता बनने से वंचित रह गए लोगों के फार्म 6 भरवाकर बीएलओ के पास जमा कराए।

अभियान के दूसरे दिन पार्टी कार्यकर्ता घर घर पहुंचे। पार्टी का फोकस एक अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर है। पार्टी ने तय किया है कि रविवार को सभी 1145 बूथों पर बीएलओ और बीएलए मौजूद रहेंगे। एसआईआर अभियान की निगरानी करने के लिए सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, आयोग के सदस्य के अलावा प्रदेश, क्षेत्रीय, जिला पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं को दो दो बूथों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नेताओं एवं पदाधिकारियों को 6 फरवरी तक अपने प्रभार वाले मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथों पर नियमित प्रवास करने के निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा दक्षिण जिला मीडिया प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि प्रदेश संगठन के द्वारा प्रदेश से लेकर मंडल तक के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को कम से कम दस फार्म 6 प्रतिदिन भरवा कर बीएलओ के पास जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रतिदिन की रिपोर्टिंग प्रदेश मुख्यालय भेजी जा रही है।

टिप्पणियाँ