Customised Ads
आई.एम.ए. नेटकान 2025 में कानपुर के डॉ. विकास मिश्रा को मिला, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सम्मान

अहमदाबाद। बुधवार 31दिसम्बर 2025 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य दक्षिरायण, पौष मास शुक्ल पक्ष की द्वादशी हेमंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आई.एम.ए.) द्वारा आयोजित 100वां ऑल इंडिया मेडिकल कॉन्फ्रेंस आई.एम.ए. नेटकान 2025, जो अहमदाबाद (गुजरात) में भव्यता एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ, के अवसर पर कानपुर के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सक तथा आई.एम.ए. कानपुर शाखा के पूर्व सचिव डॉ. विकास मिश्रा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

डॉ. विकास मिश्रा को यह प्रतिष्ठित सम्मान, “आई.एम.ए. नेशनल प्रेसिडेंट एप्रिसिएशन अवार्ड – बेस्ट एडजज्ड सेक्रेटरी ऑफ ए लोकल ब्रांच- 2024-2025” के रूप में, देशभर की 1800 आई.एम.ए. शाखाओं मे, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सचिव के रूप मे प्रदान किया गया।

यह पुरस्कार उन्हें आई.एम.ए. कानपुर शाखा के सचिव (वर्ष 2024–2025) के रूप में उनके उत्कृष्ट, अनुकरणीय, दूरदर्शी एवं पूर्णतः समर्पित नेतृत्व तथा संगठनात्मक सेवाओं के लिए प्रदान किया गया।यह सम्मान समारोह आई.एम.ए. के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. दिलीप भानुशाली के करकमलों द्वारा सम्पन्न हुआ। इस गरिमामयी अवसर पर, डॉ॰ केतन देसाई - इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष, वर्ल्ड मेडिकल एसोसिएशन, तथा भारतीय चिकित्सा परिषद के पूर्व अध्यक्ष, आई.एम.ए. के राष्ट्रीय अध्यक्ष (निर्वाचित) डॉ. अनिल नायक, आई.एम.ए. मुख्यालय की महासचिव डॉ. सरबरी दत्ता, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आई.एम.ए. उत्तर प्रदेश राज्य के संरक्षक डॉ. शरद अग्रवाल, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आर. वी. अशोकन तथा आई.एम.ए. मुख्यालय के कोषाध्यक्ष डॉ. पियूष जैन सहित अनेक वरिष्ठ राष्ट्रीय पदाधिकारी मंचासीन रहे।

इस ऐतिहासिक महासम्मेलन की गरिमा को और अधिक ऊँचाई प्रदान करते हुए, भारत सरकार के माननीय गृह मंत्री, श्री अमित शाह जी ने, मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई, जिससे यह आयोजन भारतीय चिकित्सा जगत के लिए अत्यंत स्मरणीय बन गया। आई.एम.ए. नेटकान 2025 में, देशभर से चिकित्सकों की रिकॉर्ड संख्या में भागीदारी के साथ-साथ, आ.पी. एवं ए.पी.आई. जैसी प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा संस्थाओं की उपस्थिति भी रही, जिसने भारतीय चिकित्सा समुदाय की एकता, सशक्तता एवं वैश्विक पहचान को सशक्त रूप से रेखांकित किया।

इस सम्मान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. विकास मिश्रा ने इसे, अपना व्यक्तिगत सम्मान न मानते हुए, आई.एम.ए. कानपुर शाखा की पूर्व अध्यक्ष आदरणीय डॉ. नंदिनी रस्तोगी, वर्ष 2024-2025 की समस्त कार्यकारिणी, सहयोगी साथियों तथा आई.एम.ए. कानपुर शाखा के सभी सदस्यों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल बताया, और उन्होंने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने प्रिय दिवंगत पिता, श्री कृष्ण चंद्र मिश्रा जी को समर्पित किया।

डॉ. विकास मिश्रा ने, आई.एम.ए. के राष्ट्रीय नेतृत्व, आई.एम.ए. उत्तर प्रदेश राज्य इकाई एवं आई.एम.ए. कानपुर परिवार के प्रति गहन कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक निष्ठा, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ चिकित्सा समुदाय एवं समाज की सेवा हेतु निरंतर प्रेरित करता रहेगा। यह उपलब्धि न केवल कानपुर नगर, बल्कि सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के चिकित्सा जगत के लिए भी गर्व, सम्मान एवं प्रेरणा का विषय है।

इस शुभ अवसर पर, आई.एम.ए. कानपुर शाखा को गौरव और प्रसिद्धि दिलाने के लिए, वर्तमान अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, सचिव डॉ. शालिनी मोहन, वित्त सचिव डॉ. विशाल सिंह, और पूरी कार्यकारी समिति ने, डॉ. विकास मिश्रा की प्रशंसा की और उन्हे धन्यवाद दिया।

टिप्पणियाँ