Customised Ads
शैक्षणिक भ्रमण के ज़रिए बच्चों को कराया जाएगा ऐतिहासिक स्थलों का दर्शन - जिलाधिकारी

कानपुर नगर। शुक्रवार 01अगस्त 2025 (सूत्र/सूवि /पीआईबी) सूर्य दक्षिरायण, श्रावण मास शुक्ल पक्ष की अष्टमी, वर्षा ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। जनपद के परिषदीय विद्यालयों के छात्र अब अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से सीधे जुड़ेंगे। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा है कि कानपुर नगर सांस्कृतिक रूप से अत्यंत समृद्ध जिला है, जिसे भारत के प्राचीनतम नगरों में गिना जा सकता है।

यहां के प्राचीन स्थापित मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों से नई पीढ़ी को जोड़ने के लिए परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को शैक्षणिक टूर पर ले जाया जाएगा।

जिलाधिकारी आज भीतरगांव ब्लॉक में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा संरक्षित दो प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों के निरीक्षण पर थे। सबसे पहले वह बेहटा बुजुर्ग गांव में स्थित प्राचीन श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचे। मंदिर की भव्यता और उसकी ऐतिहासिक महत्ता के विषय मे जिलाधिकारी ने जानकारी प्राप्त की। मंदिर के गर्भगृह के शिखर पर लगा मानसूनी पत्थर भी उनके आकर्षण का केंद्र रहा। कहा जाता है कि इस पत्थर से टपकने वाली बूंदों के आधार पर बारिश का पूर्वानुमान लगाया जाता है। मंदिर के पुजारी ने मंदिर के इतिहास और परंपरा की जानकारी दी।

इसके पश्चात डीएम ने भीतरगांव कस्बे में स्थित प्राचीन गुप्तकालीन मंदिर देखने पहुंचे। जिलाधिकारी ने बताया कि ये स्थल गुप्तकाल की अमूल्य धरोहर हैं, जिनकी निर्माण शैली, विशेषकर टेराकोटा मूर्तिकला और ईंटों का शिल्प, आज भी 1600 वर्षों के उपरांत सुरक्षित और प्रभावशाली रूप में विद्यमान है। यह न केवल जनपद कानपुर की ऐतिहासिक गहराई को दर्शाता है, बल्कि यह सिद्ध करता है कि यह क्षेत्र प्राचीन काल से ही एक समृद्ध सांस्कृतिक केंद्र रहा है और यह केवल औद्योगिक पहचान तक सीमित नहीं है।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कहा कि भीतरगांव क्षेत्र ऐतिहासिक धरोहरों से समृद्ध है और इसे पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में प्रयास तेज किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यहां की विरासत को जनमानस से जोड़ने और बच्चों को इसका सजीव परिचय देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव कदम उठाया जाएगा।

टिप्पणियाँ