लखनऊ। शुक्रवार 30मई 2025 (सूत्र/सूवि/पीआईबी) सूर्य उत्तरायण, ज्येष्ठ मास शुक्ल पक्ष की तृतीया, ग्रीष्म ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। उत्तर प्रदेश के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मवीर प्रजापति ने आज होमगार्ड्स मुख्यालय में मण्डल/जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभागीय समीक्षा की। उन्होंने होमगार्ड्स जवानों के चरित्र सत्यापन, निर्माण कार्यों, मृतक आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि, मृतक आश्रित भर्ती एवं बैंक द्वारा देय बीमा राशि इत्यादि विषयों पर अद्तन स्थिति की जानकारी ली।
श्री प्रजापति ने निर्देशित किये कि होमगार्ड्स जवानों के पुलिस वेरीफिकेशन में आ रही बाधाओं को दूर कराते हुए जल्द से जल्द सत्यापन करायें। उन्होंने कहा कि होमगार्ड्स जवानों के सारे प्रपत्र आनलाइन होने चाहिए, जिससे कि उन्हें इधर उधर न भटकना पड़े। उन्होंने निर्माणाधीन आवासीय एवं प्रशिक्षण संस्थानों की वर्तमान स्थिति के बारे में विस्तार से जनपदवार जानकारी ली और निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से ससमय पूरा कराने के निर्देश दिये।
मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने निर्देश दिये कि पांच साल से पुराने मृतक आश्रित भर्ती के प्रकरणों को यथाशीघ्र मुख्यालय भिजवाये, जिससे कि लंबित प्रकरणों का निस्तारण शीघ्र कराया जा सके। साथ ही उन्होंने होमगार्डस को मिलने वाली अनुग्रह राशि की अद्तन स्थिति के बारे में जानकारी ली और लंबित प्रकरण के निस्तारण हेतु निर्देश दिये। उन्होंने अयोग्य होमगार्डों के बारे में भी जानकारी ली और कहा कि नियमानुसार कार्यवाही करते हुए प्रकरणों का निस्तारण कराया जाए। उन्होंने अनुग्रह राशि के भुगतान में आ रही बैंक स्तर पर दिक्कतों का निस्तारण कराने के निर्देश दिये।
प्रमुख सचिव होमगार्ड्स श्री राजेश प्रताप सिंह ने महाकुम्भ 2025 में सराहनीय कार्य हेतु अधिकारियों की प्रशंसा की। उन्होंने निर्देश दिये कि कोई भी कार्य पेडिंग न रहे। समयबद्ध तरीके से मुख्यालय से जारी शासनादेशों का अनुपालन करते हुए लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराये। कार्यालय में उपस्थित रहकर सभी प्रकरणों को स्वयं दिखवाये। डीजी होमगार्ड श्री विजय मौर्य ने सभी अधिकारियों को अनुशासित ढंग से कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में होमगार्ड जवानां का शोषण न हो। अधिकारी समय से कार्यालय में उपस्थित रहे और पूरी सावधानी एवं सतर्कता के साथ कार्य करें। बैठक में आईजी होमगार्ड्स विवेक कुमार सिंह, संतोष सुचारी, स्टाफ अफसर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।श्री प्रजापति ने आज अपने सरकारी आवास 10ए कालीदास पर मृतक होमगार्ड स्व0 सत्येन्द्र प्रताप सिंह की आश्रित पत्नी श्रीमती किरन सिंह को आईडीबीआई बैंक द्वारा बीमा राशि कुल 35 लाख रूपये का चेक प्रदान किया। इसके अलावा विभाग द्वारा दी जानी वाली 05 लाख रूपये की अनुग्रह राशि भी मृतक होमगार्ड के आश्रित को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार कुल 40 लाख रूपये सहायता राशि ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उसके आश्रित को दिया जाता है। साथ ही मृतक के परिवार के एक व्यक्ति को नौकरी भी विभाग द्वारा दी जाती है। जिससे कि मृतक के परिवार का भरण पोषण आसानी से हो सके।
विदित हो कि होमगार्ड श्री सत्येन्द्र प्रताप सिंह 16 मई, 2024 को मटियारी चौराहा, लखनऊ पर ड्यूटी के दौरान अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मार दिये जाने के कारण वह गम्भीर रूप से घायल हो गये। चिकित्सालय ले जाने पर चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित किया गया।
addComments
एक टिप्पणी भेजें