Customised Ads
एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन

कानपुर नगर। सोमवार 21अप्रैल 2025 (सूत्र/संवाददाता) सूर्य उत्तरायण, बैशाख मास कृष्ण पक्ष की अष्टमी, बसंत ऋतु २०८२ कालयुक्त नाम संवत्सर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की अध्यक्षता में वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षाग्रह में "एक राष्ट्र एक चुनाव" विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन हुआ। 

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ,मुख्य अतिथि सुनील बंसल राष्ट्रीय महामंत्री भारतीय जनता पार्टी, भूपेंद्र सिंह प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश, योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा मंत्री उत्तर प्रदेश, अरूण पाठक एमएलसी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। 

लगातार चुनाव है देश की प्रगति में स्पीड ब्रेकर : सुनील बंसल

मुख्य अतिथि सुनील बंसल ने एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि भारत में समय-समय पर आवश्यकताओं के अनुसार और बढ़ती आबादी को देखते कानून,शिक्षा व अन्य क्षेत्र कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए है। आज के समय में चुनावी प्रकिया में भी बदलाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गत 30 वर्षों में एक भी वर्ष ऐसा नहीं रहा जिसमें कोई चुनाव न हुआ हो। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव देश के विकास में स्पीडब्रेकर का कार्य करते है। उन्होंने बताया कि औसतन 5 वर्षों की सरकार में लगभग 1 साल आचार संहिता के कारण सभी विकास कार्य व परियोजनाएं रुक जाती है। 

उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव कोई नई व्यवस्था नहीं है भारत में स्वतंत्रता के बाद कई वर्षों तक सभी चुनाव एक साथ हुए है लेकिन कई विधानसभाओं के समय से पहले भंग होने के कारण यह व्यवस्था प्रभावित हुई। उन्होंने बार-बार चुनावों के पड़ने वाले आर्थिक बोझ पर चर्चा करते हुए कहा कि लगभग 5 से 7 लाख करोड़ रूपये 5 साल के भीतर चुनावों में खर्च होता है एक राष्ट्र एक चुनाव के माध्यम से हम इन पैसों को देश के अन्य क्षेत्रों में लगा सकते है। उन्होंने कहा कि हम 2047 तक भारत को एक विकसित देश के रूप में देखना चाहते है लेकिन बार बार चुनाव देश के विकास के बाधा है। बार बार चुनाव से सरकार सुशासन से भटकती है और हमेशा चुनावी मोड में रहती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा चुनाव प्रणाली के कारण राजनीति में नए लोगों को अवसर कब मिल रहा है, एक राष्ट्र एक चुनाव से युवा वर्ग से कई लोग राजनीति में आने को प्रेरित होंगे। देश में लगातार चुनाव होने से राजनैतिक वैमनस्य बढ़ता है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव से हम अपने संसाधनों धन, समय मैन पावर को बचा सकते है।

प्रो विनय कुमार पाठक प्रदेश के सबसे इंटेलिजेंट कुलपति: योगेंद्र उपाध्याय

विवि में आयोजित इस कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि मेरी नजर में प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय के कुलपतियों में सबसे इंटेलिजेंट कुलपति हैं। विवि जिस तरह से विकास के नए पायदान पर हर दिन आगे बढ़ रहा है वह प्रशंसनीय है। उन्होंने मुख्य अतिथि सुनील बंसल का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को तलाशना और उन्हें तराशना उनका प्रमुख गुण है।

एक राष्ट्र एक चुनाव देश की महती आवश्यकता: भूपेंद्र सिंह

उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने कहा कि देश में हर वर्ष चुनाव होने के कारण जनप्रतिनिधि, शासन, प्रशासन सब चुनाव में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में संघीय ढांचा होने कारण सरकार की सभी मशीनरी चुनावों में व्यस्त रहती है। बार बार चुनावों से देश के साधन,शक्ति,सब चुनावों में लग जाती है इन्हीं सब कर्म को देखते हुए एक राष्ट्र एक चुनाव देश की महती आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि हमे जनता की समझना होगा कि यह विषय कितना महत्वपूर्ण है और देश को इसकी आवश्यकता है।

एक राष्ट्र एक चुनाव पर युवा सोशल मीडिया पर रखें अपने विचार: प्रो विनय कुमार पाठक

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विनय कुमार पाठक ने कहा एक राष्ट्र एक चुनाव के माध्यम से हम चुनाव में होने वाले अतिरिक्त खर्च को बचा सकते है और उस धन से हम देश में नई जॉब्स, एआई के क्षेत्र में सेमीकंडक्टर निर्माण में कर सकते है। उन्होंने कहा कि आज का दौर सोशल मीडिया, एआई का दौर है युवा इसका प्रमुख हिस्सा है। आज के समय में युवा सोशल मीडिया, एआई टूल्स के माध्यम से आंदोलन कर रहे है। उन्होंने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर युवा सोशल मीडिया के माध्यम से समाज को जागृत करने का कार्य करे।

अटल जी का एआई अवतार बना चर्चा का विषय

कार्यक्रम में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपाई का एआई वीडियो प्रदर्शित किया गया। यह एआई अवतार आईआईटी कानपुर के रिसर्चर विनायक पाठक ने बनाया है जो कि यूएसए की ड्यूक यूनिवर्सिटी से पढ़े हैं और आईआईटी कानपुर में रिसर्च कर रहे है। वीडियो देखकर सभागार तालियों से गूंज उठा। एआई से तैयार उस वीडियो में अटल जी ने एक राष्ट्र एक चुनाव पर बात करते हुए कहा कि लगातार चुनावों से देश चुनावी प्रक्रिया में व्यस्त रहता है। बार बार चुनाव विकास कार्यों में बाधाएं लाते है। 

एआई वीडियो अटल जी में कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव राष्ट्रीय एकता का अद्भुत दृश्य होगा। इस वीडियो को देख मंच पर आए सभी अतिथियों ने सराहना की। मुख्य अतिथि सुनील बंसल ने कहा कि वीडियो में अटल जी के शब्दों के चयन से लेकर प्रस्तुतिकरण जिस उच्च स्तर का है उसके बाद हम लोगों के लिए विषय पर बहुत कुछ बोलने के लिए शेष नहीं रह पाता। इस अवसर पर सभागार में शहर के सभी विधायक, सांसद, जनप्रतिनिधि एवं भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ