Customised Ads
’’एक पेड़ मां के नाम’’ पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ, वृक्षारोपण जन अभियान-2024 का शुभारंभ

कानपुर नगर। शनिवार 20जुलाई 2024 (सूवि) आषाढ़ मास शुक्ल पक्ष चतुर्दशी, ग्रीष्म ऋतु २०८१ पिंगल नाम संवत्सर। राज्यमंत्री (स्व0प्र0) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग उ0प्र0 कपिल देव अग्रवाल व जनपद कानपुर नगर हेतु नामित नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग उ0प्र0 शासन अनुराग श्रीवास्तव ने आज एच0बी0टी0यू0 वेस्ट केम्पस से ’’एक पेड़ मां के नाम’’ पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ, वृक्षारोपण जन अभियान-2024 का शुभारंभ किया। 

कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, देवेंद्र सिंह भोले, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, विधायक नीलिमा कटियार, सरोज कुरील, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सुधीर कुमार, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी दिव्या, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष उत्तर भाजपा दीपू पांडेय, जिलाध्यक्ष दक्षिण भाजपा शिवराम सहित सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

शताब्दी भवन में अतिथियों द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर, द मॉडल हाई स्कूल कल्याणपुर, प्रताप इंटर नेशनल केशवपुरम, जुगल देवी सरस्वती विद्या मन्दिर दीन दयाल नगर विद्यालयों के छात्र-छात्रायें व वुमेन एंपावरमेन्ट वेलफेयर सोसाइटी, 17 यू0पी0 गर्ल्स बटालियन (एन0सी0सी0), सिविल डिफेंस, एच0बी0टी0यू0, आई0टी0आई0 संस्थाओं के प्रतिभागियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसके पश्चात् एच0बी0टी0यू0 कैम्पस में अतिथिगणों व कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों द्वारा 300 वृक्षों का रोपण किया गया।

इस अवसर पर मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि आज एक बहुत अच्छा कार्यक्रम यहां पर वृक्षारोपण का आयोजित हो रहा है। इसी प्रकार मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन व मा0 मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में वृक्षारोपण का कार्यक्रम चल रहा है। 

प्रदेश के सभी जनपदों में एक ही दिन 36 करोड़ 50 लाख वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, इसी क्रम में जनपद में लगभग 44 लाख वृक्षारोपण सभी संबंधित विभागों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी ने इस जनअभियान को इमोशनल नाम दिया है कि ’’एक पेड़ मां के नाम’’ और जब मॉं का नाम जुड़ जाता है तो उस कार्यक्रम की गरिमा बढ़ जाती है, उसका महत्व बढ़ जाता है। इसलिए इस जन अभियान में एक पेड़ अपनी मां के नाम अवश्य लगायें। उन्होंने कहा कि जन सहभागिता के बिना कोई कार्य संभव नहीं है। इसलिए हम लोगों को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। इस वर्ष प्रत्येक स्थान में इतनी भीषण गर्मी पड़ रही है तथा कोरोना काल में ऑक्सीजन की कमी हो गई थी, ऑक्सीजन की आवश्यकता थी, इसलिए यदि आज हम वृक्षारोपण करेंगे तो वायुमण्डल सही होगा, पर्यावरण सही होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों को अपने बच्चों के जन्मदिन, शादी की सालगिरह व अपने पूर्वजों की स्मृति में भी वृक्षारोपण करना चाहिए, जितना अधिक वृक्षारोपण होगा, उतना ही अच्छा पर्यावरण का वातावरण स्थापित होगा, इसके साथ ही रोपित किए गए पौधों के साथ हमें उनका संरक्षण भी करना है, जिससे रोपित किए गए पौधे सर्वाइव कर सकें और हम उसका लाभ उठा सकें।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम जन अभियान को हम सबको मिलकर जन आंदोलन में बदलना है। इस अभियान में सबकी सहभागिता आवश्यक है, उन्होंने कहा कि वृक्ष धारा का आभूषण है, वृक्ष हमारी धरती की शान है, वृक्ष हम सबके जीने का सहारा है। वृक्ष हमारे वातावरण को साफ रखते हैं। वृक्ष से हमें ताजा सांस लेने को मिलती है, धरती पर जीवन प्रदान करने वाली ऑक्सीजन और पानी प्रदान करने वाला मुख्य साधन वृक्ष ही है, पेड़ हमें गर्मी से बचाते हैं। पर्यावरण को बचाने के लिए हम सभी के सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। हमें अधिक से अधिक वृक्ष लगाना है और उनका संरक्षण करना है।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी दिव्या ने वृक्षारोपण कार्यक्रम के सम्बन्ध में बताया कि वृक्षारोपण लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु वन भूमि, लैण्ड बैंक भूमि, नहर पटरी, सड़क की पटरी व ग्राम समाज में खाली पड़ी भूमि में वृक्षारोपण किया जाता है।  वर्ष 2023-24 मे शासन द्वारा वन विभाग को 248800 लक्ष्य एवं अन्य विभागो को 2876030 कुल लक्ष्य प्राप्त हुआ था, जिसके सापेक्ष वन विभाग द्वारा 248800 पौध एवं अन्य विभाग द्वारा 2876030 कुल 3124830 पौध रोपित की गयी थी। वर्तमान में रोपित पौधों में लगभग 85 से 90 प्रतिशत पौध जीवित है।

उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 हेतु शासन द्वारा वन विभाग को 1430900 एवं अन्य विभागो को 3045610 पौधों का लक्ष्य अर्थात कुल 4476510 पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसके सापेक्ष वन विभाग द्वारा 1430900 गडढ़े एवं अन्य विभागो द्वारा 4511845 गडढो का खुदान कार्य पूर्ण किया जा चुका है। वृक्षारोपण लक्ष्यों की पूर्ति हेतु वन विभाग द्वारा समस्त पौध उठान का कार्य पूर्ण समस्त पौध वृक्षारोपण स्थलों तक पहुचायी जा चुकी है एवं अन्य विभागो  को उनकी मांग के अनुसार पौध उठान हेतु शत-प्रतिशत इन्डेंट जारी किये जा चुके है। अन्य विभागों द्वारा अब तक सम्पूर्ण पौधों का उठान कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शासन से प्राप्त निर्देशानुसार समस्त वृक्षारोपण को पेड़ लगाओं-पेड़ बचाओं जन अभियान- 2024 (एक पेड़ मॉ के नाम) के अन्तर्गत कराया जा रहा है। जनपद- कानपुर नगर हमें वेटलैण्ड संरक्षण वन हेतु बिल्हौर रेंज के अन्तर्गत उठठा वन ब्लाक-1 एवं 2 एवं कानपुर रेंज के अन्तर्गत पृथ्वीगंज वन ब्लाक में 05-05 हे0 का चयन किया गया है। कुल देवता वन हेतु बिरसिंहपुर ग्राम समाज के अन्तर्गत 50 पौधो का रोपित करने का लक्ष्य है। रक्षा बन्धन वाटिका- कानपुर रेंज के अन्तर्गत ऐलन वन परिसर एवं घाटमपुर रेंज के अन्तर्गत इटावा शाख नहर का चयन किया गया है। गंगा नदी के किनारे पवित्र धारा वृक्षारोपण के अन्तर्गत जनपद- कानपुर नगर में 145.0 हे0 भूमि में 232000 पौध रोपण हेतु भूमि का चयन किया गया है।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुये कहा कि प्रकृति में संतुलन बनाये रखने के लिये तथा अपने आस-पास के वातावरण को स्वच्छ बनाये रखने के लिये पेड़-पौधे लगाये जाना बहुत जरूरी है, इसके कई सारे लाभ हमारे जीवन में होते हैं। इसी लिये हम लोग इस अभियान में एक पेड़ अपनी मां के नाम अवश्य लगायें।

टिप्पणियाँ